डिसवानी पंचायत में आग की भेंट चढ़ा दो मंजिला मकान। संवाद
बेघर हुआ परिवार, प्रशासन से दी फौरी राहत, वीरवार रात को हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। डिसवानी पंचायत में आठ कमरों का दो मंजिला लकड़ी के मकान में आग से जलकर राख हो गया। घटना में पीड़ित परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। परिवार बेघर हो गया है। गनीमत रही कि परिवार घर में नहीं था। प्रभावित महेंद्र सिंह परिवार के साथ रोहड़ू में किराये के मकान में रहता है। प्रशासन ने प्रभावित परिवार को फौरी राहत दी है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। डिसवानी गांव में वीरवार रात करीब 7:00 बजे मकान को आग लगी। स्थानीय लोगों ने महेंद्र सिंह के मकान से धुआं उठता देखा। डिसवानी में जब उनके मकान में आग लगी तो ग्रामीणों ने आग को बुझाने के प्रयास किए। ग्रामीणों ने डिसवानी पंचायत के प्रधान धर्मेंद्र भुगवान को सूचना दी। उन्होंने अग्निशमन केंद्र और प्रशासन को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मकान पूरी तरह से जल चुका था। मकान में आठ कमरे, एक हाॅल और एक रसोई थी। घर का सारा समाना भी जलकर राख हो गया है। विधायक मोहन लाल ब्राक्टा और एसडीएम धर्मेश रामोत्रा ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवार को फौरी राहत दी है। डिसवानी पंचायत के प्रधान धर्मेंद्र भुगवान ने बताया कि प्रभावित परिवार को प्रशासन की और से फोरी राहत दी गई। स्थानीय लोग भी अपने स्तर पर प्रभावित परिवार को पुरा सहयोग कर रहे हैं।