लोगों से वार्डों के परिसीमन को लेकर मांगे थे आपत्तियां और सुझाव
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। नगर परिषद रामपुर के परिसीमन के अंतिम आदेश उपायुक्त ने कर दिए हैं। बीते माह वार्डों के परिसीमन के लिए आम लोगों से आपत्तियां और सुझाव मांगे गए थे, लेकिन कोई भी आपत्ति और सुझाव न मिलने के चलते अब परिसीमन के अंतिम आदेश जारी किए हैं। नगर परिषद रामपुर बुशहर के वार्डों के परिसीमन के लिए प्रारूप प्रस्ताव 2 जून को प्रकाशित किया गया था। इस संबंध में आपत्तियां और सुझाव प्राप्त नहीं हुए और अब अपील का समय भी समाप्त हो गया है। हिमाचल प्रदेश नगर पालिका निर्वाचन नियम 2015 के नियम 9(1) के अनुसरण में नगर परिषद रामपुर बुशहर के वार्डों के परिसीमन का अंतिम आदेश वार्ड सीमाओं के विवरण के अनुसार किया गया है। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। वर्ष 2020 में नगर परिषद के सात वार्डों को बढ़ाकर नौ वार्ड बना दिए थे, इसमें रामपुर के साथ लगती रचोली और शिंगला पंचायत के कुछ हिस्सों को काटकर नगर परिषद में जोड़ा गया था।