भालू की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत, मवेशियों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी तहसील की ग्राम पंचायत करागला के बरोट गांव में भालू की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बुधवार देर रात एक भालू दरवाजा तोड़कर गोशाला में घुस गया और गाय को घायल कर दिया। इस घटना के बाद ग्रामीण अपने मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही से लोगों में भय बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरोट गांव निवासी दीला राम की गोशाला में बुधवार देर रात भालू घुस आया। भालू ने गोशाला का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां बंधी गाय पर हमला कर उसे घायल कर दिया। दीला राम ने इसकी सूचना वार्ड पंच को दी, जिसके बाद वन विभाग को भी मामले से अवगत करवाया गया। ग्रामीणों को आशंका है कि भालू दोबारा गांव की ओर रुख कर सकता है। ग्राम पंचायत करागला के प्रधान ज्ञान मेहता ने बताया कि भालू के गोशाला में घुसने और गाय को घायल करने से ग्रामीणों में भय बना हुआ है।
ननखड़ी के वन परिक्षेत्र अधिकारी नरेंद्र ठाकुर ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग रात के समय विशेष सावधानी बरतें और गोशालाओं में पर्याप्त रोशनी का प्रबंध करें।