सुमरा, चांगो में फसलों में कीट और बीमारियों के प्रबंधन के बारे में किया प्रशिक्षित
नौणी विवि के विशेषज्ञों ने जैव नियंत्रण पर कृषक प्रशिक्षण शिविर का किया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिले के सीमांत क्षेत्रों के किसानों-बागवानों को आधुनिक और रसायन मुक्त खेती करने के बारे में विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के तहत जैव नियंत्रण, रसायन मुक्त कृषि और बागवानी के बारे में किसानों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी कड़ी में सुमरा और शलखर पंचायत में किसानों को कीट और फसलों में लगने वाली बीमारियों के प्रबंधन के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।
डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्योनिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के कीट विज्ञान विभाग ने कृषि विज्ञान केंद्र किन्नौर के सहयोग से सुमरा और चांगो में कृषक प्रशिक्षण जागरूकता शिविरों का आयोजन किया। शिविर जैव नियंत्रण पर अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना के तहत लगाए गए। शिविरों का मुख्य उद्देश्य किसानों को जैव नियंत्रण के जरिए फसलों में कीटों एवं बीमारियों के प्रबंधन की जानकारी प्रदान करना था। प्रशिक्षण शिविरों में पुरुष और महिला कृषकों ने भाग लिया। विश्वविद्यालय के कीट विज्ञान विभाग के अध्यक्ष एवं परियोजना के मुख्य अन्वेषक प्रो. सुभाष चंद्र वर्मा ने सेब और अन्य फलों में लगने वाले कीटों के बारे में विस्तृत रूप से बताया। उन्होंने इन कीटों के प्रबंधन के लिए रसायन मुक्त उपाय अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किन्नौर जैसे रसायन रहित क्षेत्र में कृषि रसायनों का प्रयोग शुरुआत में ही रोक दिया जाना चाहिए। हानिकारक रसायनों की जगह जैव प्रबंधन में प्रयुक्त किए जाने वाले विभिन्न कीटों और सूक्ष्म जीवों का उपयोग वातावरण के संरक्षण में सहयोग करता है। उन्होंने सेब, गोभी और मटर के विभिन्न शत्रु कीटों और उनके जैव प्रबंधन के बारे में भी कृषकों को विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। डॉ. वर्मा ने प्राकृतिक खेती और इसकी विभिन्न तकनीकों के बारे में भी जानकारी दी। विश्वविद्यालय के कीट विज्ञानी डॉ. विश्व गौरव सिंह चंदेल ने भी किसानों को विभिन्न उपयोगी कीटों के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा कृषि विज्ञान केंद्र के फल विशेषज्ञ डॉ. अरुण नेगी ने फलदार पौधों की छटाई एवं काट-छांट और क्षेत्र के लिए उपयुक्त सेब की विभिन्न किस्मों के बारे में जानकारी प्रदान की। कृषकों से आग्रह किया कि वे कृषि की आधुनिक तकनीकों को अपनाएं, ताकि कृषि से आय में वृद्धि हो सके। इन सभी कृषकों को किसान डायरी एवं जैव नियंत्रण की सामग्री जैसे ट्राइकोडर्मा, नीम आधारित कीटनाशक, येलो स्टिकी ट्रैप्स, मेटाराइजियम, घनजीवामृत, अग्नि अस्त्र आदि वितरित किए गए।