डीएवी स्कूल दत्तनगर में आयोजित विदाई समारोह में चुने मिस्टर और मिस फेयरवेल। संवाद
डीएवी स्कूल दत्तनगर में हर्षोल्लास से मनाया विदाई समारोह, स्कूल में बिताए पलों को किया याद
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। डीएवी पब्लिक स्कूल दत्तनगर में 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया। समारोह में सांस्कृतिक, नृत्य और गीत की शानदार प्रस्तुतियां देकर छात्र-छात्राओं ने समां बांधा। 11वीं कक्षा के छात्रों ने शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। छात्रों ने अपने वरिष्ठ साथियों के साथ बिताए गए पलों को याद कर भावुक क्षण साझा किए। इस विदाई समारोह में सुजल लोक्टस को मिस्टर फेयरवेल और यशिता मेहता को मिस फेयरवेल चुना गया। प्रधानाचार्य डॉ. मुक्ता चौहान ने 12वीं कक्षा के छात्रों को विशेष खिताब प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अपने संबोधन में छात्रों को आत्मनिर्भर बनने, कड़ी मेहनत करने और जीवन में सकारात्मक सोच बनाए रखने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने अपने शिक्षकों और स्कूल प्रशासन का आभार जताया और भावनात्मक विदाई संदेश साझा किए। यह आयोजन छात्रों के लिए न केवल एक यादगार पल बना, बल्कि उन्हें आगे की चुनौतियों के लिए प्रेरित भी किया। इस मौके पर स्कूल के अन्य शिक्षक मौजूद रहे। - संवाद