राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले मॉडर्न स्कूल फागू के छात्रों को किया सम्म
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। 65वीं हिमाचल प्रदेश की राज्य स्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता पांवटा साहिब साहिब में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में पहली बार (एसजीएफआई) स्कूली गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया से मान्यता मिलने के बाद ठोडा खेल की प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के सात जिलों की टीमों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में शिमला जिला की टीम में मॉडर्न पब्लिक स्कूल फागू के 11 खिलाड़ियों ने प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जिला शिमला ओवरऑल चैंपियन बना। स्पर्धा में पारंपरिक ठोडा के अलावा कुलशो, शरी इवेंट और डांटा इवेंट आयोजित किए गए, जिसमें मॉडर्न पब्लिक स्कूल फागू के वंश चंदेल ने कुलशो में स्वर्ण पदक, ललित, चिराग खाची, वंश भारद्वाज और सुर्यांश शर्मा ने पारंपरिक ठोडा खेल में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा कुलशो कैटेगरी में एंजल हेटा, कार्तिक बुंदेल और आर्यन बेक्टा ने कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा आर्यन वर्मा ने डांगटा इवेंट में रजत पदक हासिल किया और ओवरऑल चैंपियन बना। इस प्रतियोगिता से स्कूल पहुंचने पर खिलाड़ियों और अंतरराष्ट्रीय ठोडा स्पोर्ट्स फेडरेशन के महासचिव ललित ठाकुर का स्वागत किया। स्कूल की प्रधानाचार्य संतोष खाची और प्रबंधक रमेश खाची ने सभी खिलाड़ियों और अभिभावकों को उपलब्धि के लिए बधाई दी।