नित्थर में 15 लाख रुपये की लागत से बूढ़ा महादेव मैदान में बनेगा मंच। संवाद
लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादितय और एसजेवीएन का जताया आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। बूढ़ा महादेव स्पोर्ट्स क्लब नित्थर के स्टेज निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई है। अब मेले के आयोजनों समेत सांस्कृतिक कार्यक्रमों को करवाने के लिए परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी। क्लब का मंच कई साल पहले बना था। इसकी हालत जर्जर है। छत की चादर सड़ चुकी है। यहां हर साल 12 भादो का मेला आयोजित किया जाता है। इसी उपलक्ष्य पर बीएमडी स्पोर्ट्स क्लब नित्थर मेले से पूर्व खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन करता आ रहा है। खेल मैदान में मंच के न होने से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। समस्या को लेकर बीते साल बीएमडी स्पोर्ट्स क्लब का प्रतिनिधिमंडल लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह से मिला था। उन्होंने आश्वासन दिया था कि इसके लिए बजट जल्द मिल जाएगा। बीएमडी स्पोर्ट्स क्लब नित्थर के अध्यक्ष मंजीत ठाकुर ने इसके लिए लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह और सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड लूहरी परियोजना का आभार जताया है। देहरा पंचायत प्रधान सरोज बाला और नित्थर के प्रधान जगदीश ठाकुर का भी सहयोग करने पर आभार व्यक्त किया है।