रोहड़ू। कुठाड़ी पंचायत के प्रधान ललित संग्रेल ने टिक्कर काॅलेज में चार वर्षीय बीएड कोर्स और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टिक्कर को सीबीएसई मान्यता प्रदान करने पर शिक्षा मंत्री का आभार जताया है। ललित संग्रेल ने बताया कि कैबिनेट की यह स्वीकृति केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि उन अनगिनत सपनों का सम्मान है, जो वर्षों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की प्रतीक्षा में थे। इस दूरदर्शी पहल के माध्यम से शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने यह सिद्ध कर दिया है कि जब नेतृत्व में प्रतिबद्धता और जनसेवा का भाव हो, तो विकास केवल योजनाओं में नहीं, बल्कि जनजीवन में दिखता है। ललित ने बताया कि टिक्कर काॅलेज में अब बीएड की कक्षाएं भी चलेंगी, जिससे क्षेत्र के युवाओं को लाभ होगा। युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए अब बाहरी क्षेत्रों में नहीं भटकना पड़ेगा और उन्हें घरद्वार पर बेहतर शिक्षा की सुविधा मिलेगी।