17 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम में विक्रमादित्य सिंह और प्रतिभा सिंह होंगी शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। बाजार के पुराने बस अड्डे पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा की स्थापना 17 नवंबर को की जाएगी। इस दौरान लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं वीरभद्र सिंह की धर्मपत्नी प्रतिभा सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। प्रतिमा स्थापना को लेकर कांग्रेस मंडल रोहड़ू की सोमवार को बैठक हुई। बैठक में विधायक मोहन लाल ब्राक्टा सहित कार्यकर्ताओं की राय ली गई। विधायक ने कहा कि विकास पुरुष स्व. वीरभद्र सिंह का नाम न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि पूरे देश में सम्मान के साथ लिया जाता है। रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में उनके कार्यकाल के दौरान असंख्य विकास कार्य हुए, जिनकी बदौलत क्षेत्र की पूरे प्रदेश में विशिष्ट पहचान है। कांग्रेस के मीडिया प्रभारी हैप्पी मेहता ने बताया कि 17 नवंबर को रोहड़ू के पुराने बस अड्डे में आधुनिक हिमाचल के निर्माता स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के आमजन को आमंत्रित किया जाता है। इस अवसर पर भंडारे (धाम) का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान इस आयोजन को सफल बनाने के लिए कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेवारी तय की गई है।