दलाश (कुल्लू)। उपमंडल आनी के दलाश क्षेत्र के ग्रामीणों को लाभान्वित करने वाली लूहरी-दलाश सड़क एक सप्ताह से आवाजाही के लिए बंद है। आनी उपमंडल मुख्यालय को जोड़ने वाली इस मुख्य सड़क के बंद होने से ग्रामीण परेशान हैं और विभाग से सड़क बहाली की मांग उठा रहे हैं। क्षेत्र की लूहरी-दलाश सड़क गुंगी-जीरो प्वाइंट से दलाश तक भूस्खलन के कारण बंद पड़ी है। इस कारण ग्रामीणों को दूध, दही और सब्जी दलाश बाजार में नहीं मिल पा रही है। रविवार को विभाग ने दलाश से वाया गुंगी सड़क छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दी। अब लोग इस सड़क से लूहरी तक जा पा रहे हैं, लेकिन दलाश, गंछवा, सोईधार, जीरो प्वाइंट तक सड़क अभी भी बंद है। दलाश पंचायत प्रधान सत्येंद्र शर्मा, आनी बीडीसी अध्यक्ष विजय कंवर ने विभाग से मांग की है कि सड़क को जल्द बहाल किया जाए। लोक निर्माण विभाग दलाश के कनिष्ठ अभियंता लाल सिंह का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह भारी भूस्खलन हुआ है, इसलिए सड़क को बहाल करने में समय लग रहा है। एक या दो दिन में सड़क बहाल हो जाएगी। लोगों की सुविधा के लिए दलाश गुंगी-सारली सड़क छोटे वाहनों के लिए खोल दी गई है ताकि लोग लूहरी, रामपुर या शिमला इस सड़क से जा सके।