ठियोग(रामपुर बुशहर)। ऊपरी शिमला के मुख्यद्वार ठियोग में माकपा नेताओं ने बस किराया वृद्धि को लेकर सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। माकपा ने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार ने बस किराये में 25 प्रतिशत की वृद्धि कर दी है, जिससे आम जनता को इसकी सीधी मार पड़ी है। इसके अलावा तेल के दामों में हुई बढ़ोतरी और देश भर में महंगाई को लेकर लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से नारेबाजी करते हुए रोष रैली निकाली। प्रदर्शन के दौरान पुलिस जवान भी माकपा नेताओं की रैली के साथ चलते रहे। ठियोग बस अड्डे में पहुंचते नेताओं ने सड़क को एकाएक बंद कर दिया और यहां प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। माकपा नेताओं ने कहा कि तेल की बढ़ी हुई कीमतें और बस किराये में वृद्धि के साथ-साथ आम जनता को परेशान है।
प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरे माकपा नेताओं ने नेशनल हाईवे पांच को पूरी तरह से बंद कर दिया। करीब पौने एक बजे के करीब लगाए चक्का जाम को खुलवाने के लिए ठियोग थाना प्रभारी संतोष कुमार मौके पर अपनी टीम के साथ पहुंचे, लेकिन माकपा नेता अपनी जगह पर ही बने रहे। माकपा नेताओं ने सड़क को करीब पौने घंटे तक बंद रखा। नेताओं ने अपने संबोधन को खत्म करने के बाद प्रदर्शन को विराम दिया। इस मौके पर अधिवक्ता सुरेंद्र वर्मा, संदीप वर्मा, बालकृष्ण बाली, सुरेश वर्मा सहित माकपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।