अधिकांश कारोबारियों ने दुकानों से बाहर सड़क पर सजा रखा है सामान
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)।
कोटखाई बाजार में सड़क तक दुकानदारों ने सामान सजाकर अतिक्रमण कर रखा है। इससे बाजार की सड़क तंग हो गई है। वहीं, बरसात के दौरान सड़क के किनारे आया मलबा भी नहीं उठाया गया है। इससे स्थिति और खराब हो गई है। संकरी सड़क पर आए दिन जाम लगा रहता है। इससे लोगों समेत स्कूली बच्चों को पैदल चलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों का सामान सड़क तक सजा रखा है। इसके अलावा दुकानों के बाहर सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर रख दिए गए हैं। बरसात के दौरान भूस्खलन के कारण सड़क पर आया मलबा भी नहीं उठाया गया है। इससे सड़क की चौड़ाई और कम हो गई है। कोटखाई स्वास्थ्य केंद्र से लेकर पुराने बस अड्डे तक सड़क किनारे जगह-जगह मलबा पड़ा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क के किनारे से मलबे को जल्द हटाया जाए। वहीं, सड़क तक किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभागों और प्रशासन से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि कोटखाई बाजार में यातायात सुचारु हो सके और आम जनता को राहत मिल सके।
अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को एक सप्ताह का समय दिया गया है। एक सप्ताह तक वह निर्देशों की पालना नहीं करते हैं, तो उन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके बाद भी वह अतिक्रमण नहीं हटाते हैं, तो उन पर धारा 133 के तहत कार्रवाई की जाएगी। सड़क को दुरुस्त करने के लिए विभाग को आदेश दिए जाएंगे । -अभिषेक बरवाल, एसडीएम कोटखाई