कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए अतिरिक्त कार्यभार संभालना हुआ मुश्किल
वनों में हो रही आग की घटनाओं से निपटना भी बना चुनौती
संवाद न्यूज एजेंंसी
चौपाल (रोहड़ू)। वन मंडल चौपाल में कर्मचारी और अधिकारी अतिरिक्त कार्यभार से जूझ रहे हैं। वन मंडल चौपाल में कुल 73 वन बीट हैं। इसमें 22 वनखंड और सात वन परिक्षेत्र हैं। इनमें 38 वन रक्षक, 19 वन खंड अधिकारी और चार वन परिक्षेत्र अधिकारी के पद खाली पड़े हैं। वनरक्षकों को दो-दो बीटों का अतिरिक्त कार्यभार संभालना पड़ रहा है। खाली पड़े 19 वन खंडों के पद का कार्यभार भी वन रक्षक पर है। खाली पड़े चार वन परिक्षेत्र अधिकारी के पद का अतिरिक्त कार्यभार वन खंड अधिकारी पर है। एक वन बीट का क्षेत्रफल लगभग 1000 हेक्टेयर होता है। एक वन खंड में करीब तीन-तीन बीटें आती हैं। लंबे समय से बारिश न होने के कारण आए दिन वन बीटों में आग की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्टाफ के कमी के कारण आग की घटना को रोकना और नियंत्रण करना मुश्किल हो रहा है। इस प्रकार से अतिरिक्त कार्यभार संभालने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। वन अराजपत्रित महासंघ चौपाल ने प्रदेश सरकार से अनुरोध किया है कि वन बीट में वन रक्षक के रिक्त पड़े पद भर्ती करें, ताकि इतने बड़े वन मंडल में वन संपदा संरक्षण में आ रही समस्या का समाधान हो सके। साथ ही तीन से चार साल से वनरक्षक, वन खंड अधिकारी और वन परिक्षेत्र अधिकारी को वर्दी उपलब्ध नहीं हुई है। सरकार से वर्दी भी उपलब्ध करवाए।