ठियोग में लंबरदार संघ के पदाधिकारी प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए। संवाद
संघ ने सरकार से पुराना सम्मान और अधिकार लौटाने की उठाई मांग
नशे के खिलाफ मुहिम में अहम भूमिका निभाने का दिया भरोसा
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। प्रदेश में चिट्टे जैसे घातक नशे के खिलाफ सरकार की ओर से चलाई जा रही मुहिम में नंबरदार संघ ने पूर्ण सहयोग देने का एलान किया है। नंबरदार संघ के प्रदेश सचिव मनोहर लाल शर्मा ने कहा कि यदि सरकार उन्हें उनका पुराना सम्मान और अधिकार लौटाती है, तो ग्रामीण क्षेत्रों में चिट्टे के समूल नाश में वे प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि नंबरदार गांव और प्रशासन के बीच सेतु की भूमिका निभाते आए हैं और जमीनी स्तर पर उनकी पकड़ मजबूत है। ऐसे में नशे के कारोबार, तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में नंबरदार अहम योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा यदि नशा मुक्त प्रदेश बनाने की है, तो नंबरदारों की भूमिका को सशक्त करना अनिवार्य है। नंबरदार संघ के महेंद्र काल्टा ने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान में उन्हें केवल नाममात्र का सम्मान दिया जा रहा है, जिससे उनकी सामाजिक और प्रशासनिक प्रतिष्ठा कमजोर हुई है। संघ का कहना है कि सरकार भले ही उन्हें मानदेय न दे, लेकिन उनका पुराना रुतबा और अधिकार लौटाए जाएं, ताकि वे प्रभावी ढंग से अपनी जिम्मेदारियां निभा सकें। संघ ने विशेष रूप से भू राजस्व जैसे मामलों में नंबरदारों की भूमिका को पुनः सशक्त करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि पहले ऐसे मामलों में नंबरदारों की अहम भूमिका होती थी, जिससे सामाजिक अनुशासन और कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती थी। नंबरदार संघ ने सरकार से आग्रह किया कि नशे के खिलाफ लड़ाई को जन आंदोलन का रूप देने के लिए पारंपरिक व्यवस्था और स्थानीय नेतृत्व को साथ जोड़ा जाए, तभी ग्रामीण क्षेत्रों में चिट्टे पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो पाएगा। उन्होंने ग्रामीण सड़कों के निर्माण में जनता को सहयोग देने की अपील की, ताकि सड़कों के निर्माण में तेजी लाई जा सके।