रिकांगपिओ (किन्नौर)।
राष्ट्रीय बचत राज्य सलाहकार बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रकाश चंद करड़ की अध्यक्षता में सोमवार को उपायुक्त कार्यालय रिकांगपिओ में लघु बचत योजनाओं को लेकर बैठक हुई। इसमें उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। बैठक में लघु बचत योजनाओं के प्रचार-प्रसार, अभिकर्ताओं की समस्याओं और योजनाओं की पहुंच ग्रामीण क्षेत्रों तक बढ़ाने पर चर्चा की गई। करड़ ने अधिकारियों को जिले में योजनाओं से संबंधित होर्डिंग लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अभिकर्ताओं की बैठक आयोजित कर उनकी समस्याओं का समाधान करने और ग्रामीण स्तर पर उनकी संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे लोगों में बचत की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिलेगा और अभिकर्ताओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। बैठक में सहायक संदीप मस्ताना और लघु बचत योजना के अभिकर्ता रतन शर्मा, रेनू कुमारी व नीमा उपस्थित रहे।