रामपुर बुशहर। निरमंड खंड की चार पंचायतों के हजारों लोगों की बिजली समस्या का स्थायी समाधान हो गया है। अब क्षेत्र के लोगों को दशकों पुरानी बिजली कटों की समस्या से निजात मिलेगी। विद्युत बोर्ड ने खनेरी स्थित 22 केवी कंट्रोल प्वाइंट से नई लाइन बिछा दी है। अब क्षेत्र के लोगों को नोगली और कोटला दोनों सब स्टेशन से सीधी विद्युत आपूर्ति मिलेगी। बोर्ड ने करीब 28 लाख रुपये की राशि खर्च कर लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से निजात दिलाई है।
गौर हो कि रामपुर शहर के साथ लगती निरमंड विकास खंड की तुनन, खरगा, पोशना और बाड़ी पंचायत को पूर्व में नोगली सब स्टेशन से विद्युत आपूर्ति दी जा रही थी। नोगली में अकसर अधिक लोड, ब्रेकडाउन, शटडाउन और तकनीकी खामियों के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित रहती थी। आए दिन हजारों उपभोक्ताओं को बिजली के अघोषित कटों से जूझना पड़ रहा था। क्षेत्र के उपभोक्ताओं को अब डबल सप्लाई के तहत विद्युत आपूर्ति दी जाएगी। अब लोगों को नोगली सबस्टेशन पर निर्भर नहीं रहना होगा। कोटला से खनेरी स्थित 22 केवी विद्युत कंट्रोल प्वाइंट से रामपुर की तर्ज पर कुल्लू जिले की चार पंचायतों को जोड़ा गया है। विद्युत बोर्ड ने कंट्रोल प्वाइंट खनेरी से करीब डेढ़ किलोमीटर लाइन बिछा दी है, जबकि शरशाया में नया ट्रांसफार्मर भी स्थापित किया गया है। महामारी के दौर में क्षेत्र के लोगों को सुचारु विद्युत आपूर्ति का लाभ मिला है।
विद्युत बोर्ड जगातखाना के एसडीओ एमएल बंसल ने बताया कि क्षेत्र की चार पंचायतों को अब कोटला से आ रही विद्युत आपूर्ति से जोड़ा जा चुका है। बीते शनिवार को योजना का निर्माण पूरा कर दिया गया है, जिस पर करीब 28 लाख रुपये की राशि व्यय की गई है। उपभोक्ताओं को अब नोगली और कोटला से सीधी विद्युत आपूर्ति होगी।