कोटखाई (रोहड़ू)। बाग डुम्हेर पंचायत के कलेमू गांव में बिजली के खंभे जर्जर हालत में हैं। लाइनें भी कई जगह क्षतिग्रस्त हैं। खंभों को अस्थायी रूप से खड़ा किया गया है, जबकि बिजली के तार सेब के पौधों के बीच झूलते नजर आ रहे हैं। इससे ग्रामीणों और बागवानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सेब के बगीचों में लटकते तार न केवल फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि बड़े हादसे का खतरा भी बना हुआ है। बरसात और तेज हवाओं के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। स्थानीय लोगों ने विभाग से मांग की है कि जल्द जर्जर खंभों को बदला जाए और विद्युत लाइनों को सुरक्षित तरीके से दुरुस्त किया जाए। उधर, सहायक अभियंता कोटखाई वरुण धीमान ने कहा कि इस तरह की कोई शिकायत उन तक नहीं पहुंची है। यदि इस तरह की कोई समस्या है तो उसे जल्द दुरुस्त किया जाएगा।