चौपाल (रोहडू)। उपमंडल चौपाल के अंतर्गत ग्राम पंचायत जावग छमरोग के बरकोली गांव में बिजली गिरने से एक घर को नुकसान पहुंचा है। गनीमत यह रही कि इसमें कोई भी जानी नुकसान नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार बरकोली निवासी राजेंद्र पुत्र रेलू राम और बालक राम पुत्र झुखरू राम की संपत्ति को लाखों रुपये का नुकसान हो गया। इस घर की दीवारें गिरने की कगार में हैं, जिससे पूरा परिवार बेघर हो गया। बिजली गिरने का धमाका आसपास के इलाकों के लोगों ने भी सुना।
इस कुदरती आफत के चलते घर के अंदर की चीजें भी तहस-नहस हो गई। इस घटना के बाद से पूरा परिवार डरा और सहमा हुआ है। उधर, पंचायत प्रधान किरण ने भी घटना के बाद गांव का दौरा किया और मौके का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस घटना से गरीब परिवारों को काफी नुकसान हुआ है और उनके जीवन भर की मेहनत पर पानी फिर गया। उन्होंने प्रशासन से पीड़ितों को आर्थिक सहायता प्रदान करने का आग्रह किया है।