. बिजली बोर्ड ने लगाया जन प्रतिनिधि जागरूकता शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड ने कोटखाई में जन प्रतिनिधि जागरूकता शिविर लगाया। बिजली बोर्ड के जन संपर्क अधिकारी अनुराग पराशर की अध्यक्षता में शिविर लगा। शिविर में लोगों को विद्युत आपूर्ति, बिजली बचत, सुरक्षा मानकों, समय पर बिल भुगतान और विद्युत से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि उपभोक्ताओं की जागरूकता से न केवल बेहतर और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति संभव है, बल्कि बोर्ड के कार्य संचालन में भी सुधार आता है। अनुराग पराशर ने कहा कि इस तरह के जागरूकता शिविरों से जन प्रतिनिधियों और उपभोक्ताओं को बिजली से संबंधित आवश्यक जानकारी मिलती है, जिससे समस्याओं का समाधान समय पर किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों ने भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में कोटखाई के सहायक अभियंता वरुण धीमान, क्यारी के सहायक अभियंता गोपाल सिंह और बागी के सहायक अभियंता प्रेम डोगरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा बीडीसी सदस्य कमलेश ठाकुर और कोटखाई के पार्षद विनोद वर्मा ने भी बैठक में शिरकत की।