रोहडू़। उपमंडल के कांसाकोटी फीडर सब स्टेशन के तहत समरकोट फीडर के तहत लाइन में खराबी के कारण दो दर्जन गांवों में बिजली गुल हो गई है। इस वजह से सैकड़ों उपभोक्ताओं को परेशानियों से जूझना पड़ा। फीडर के तहत कुछ ट्रांसफार्मर में बुधवार सुबह से शाम तक शटडाउन लगाया था। इसके कारण इन गांवों में बुधवार सुबह से लेकर वीरवार सुबह तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
बिजली बोर्ड की लचर कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष है। कांसाकोटी सब स्टेशन के तहत चार फीडर कार्य कर रहे हैं। इसमें समरकोट फीडर में 75 से अधिक ट्रांसफार्मर आते है। हैरानी इस बात की है कि वीरवार सुबह 10:00 बजे तक विद्युत आपूर्ति बहाल होने के बाद भी दिन भर बिजली कट लगते रहे।
बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता संजीव रावत ने बताया कि जगोठी और कोटी के बीच की लाइन में इंसुलेटर खराब होने के कारण पेश आई है। इसके कारण बिजली क्षेत्र में रात भर बाधित रही। बुधवार देर रात तक बिजली बहाल करने का प्रयास कर्मचारियों ने किया, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। वीरवार सुबह मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद बिजली बहाल कर दी गई है।