गोताखोर को तीसरे दिन सतलुज नदी में मिली कार
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। वजीर बावड़ी के समीप चालक समेत सतलुज में समाई कार को तलाशने में गोताखोरों ने कामयाबी हासिल की है, जबकि चालक अभी भी लापता है। इसकी तलाश के लिए सुंदरनगर से आए गोताखोरों के दल ने वीरवार को सर्च अभियान चलाया। इस दौरान एनडीआरएफ, प्रशासन और पुलिस के जवान भी मौजूद रहे।
बीते मंगलवार को वजीर बावड़ी-समेज सड़क पर गोसाई एडिट के पास सुबह 7:00 एक कार चालक समेत सतलुज में जा समाई गई थी। इसमें चालक राजकुमार पुत्र ढोहलू राम निवासी गांव मलीधार, तहसील निरमंड, जिला कुल्लू सवार था। हादसे के बाद ज्यूरी से आई एनडीआरएफ, पुलिस, प्रशासन और परिजनों ने सतलुज में सर्च ऑपरेशन चलाया।
इस दौरान दो दिन तलाश करने के बाद भी न चालक का सुराग लग पाया था और न ही कार का। ऐसे में प्रशासन ने मंडी जिले के सुंदरनगर से गोताखोरों का दल बुलाया था। गोताखोरों ने वीरवार सुबह 7:00 बजे से सतलुज नदी में रैकी करना शुरू किया और सुबह 10:00 बजे गोताखोर सतलुज नदी उतरे। इसके बाद दोपहर करीब 2:00 बजे गोताखोरों ने नदी में कार को तलाशने करने में कामयाबी हासिल की है।
इसके बाद चालक की तलाश के लिए दिन भर अभियान चलाया गया लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया है। सुंदरनगर से आए गोताखोरों के दल में श्याम लाल, मोहन लाल, खूब राम और तिलक राज शामिल हैं। वह लापता चालक की तलाश के लिए फिर से सतलुज नदी में उतरेंगे। एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह ने बताया कि लापता चालक की तलाश के लिए अभियान जारी रहेगा।