रविवार शाम प्रचार थमने से प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंकी
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। जिला परिषद चुनाव को लेकर जुब्बल-कोटखाई और रोहड़ू क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां चरम पर हैं। शनिवार को विभिन्न जिला परिषद वार्डों में प्रत्याशियों ने समर्थकों और वाहनों के लंबे काफिलों के साथ शक्ति प्रदर्शन कर चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा दिया।
रविवार शाम प्रचार थमने से पहले प्रत्याशियों ने मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। जुब्बल-कोटखाई का सरस्वती नगर जिला परिषद वार्ड और रोहड़ू का सीमा रंटाड़ी वार्ड इस बार सबसे हॉट सीट बनकर उभरे हैं। इन दोनों वार्डों में मुकाबला प्रतिष्ठा का बन गया है। राजनीतिक दलों से जुड़े समर्थकों, स्थानीय नेताओं और प्रभावशाली परिवारों ने भी पूरी ताकत लगा दी है। गांव-गांव में नुक्कड़ सभाएं, घर-घर संपर्क अभियान और देर रात तक बैठकों का दौर जारी है। प्रत्याशी मतदाताओं को लुभाने के लिए विकास, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं। युवाओं को खेल मैदान, स्वरोजगार के अवसरों के वादे किए जा रहे हैं, जबकि महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़कर साधने की कोशिश हो रही है। बुजुर्ग मतदाताओं के बीच सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और सड़क सुविधा को लेकर बड़े दावे किए जा रहे हैं।
चुनाव प्रचार में सोशल मीडिया भी अहम हथियार बन गया है। समर्थक लगातार वीडियो, पोस्टर और प्रचार संदेश साझा कर माहौल बनाने में जुटे हैं। वहीं कई प्रत्याशी पारंपरिक तरीके से देवस्थलों में माथा टेककर और ग्रामीणों के साथ बैठकों के जरिए भावनात्मक जुड़ाव बनाने की रणनीति अपना रहे हैं। पहले चरण का मतदान 26, दूसरे चरण का मतदान 28 और तीसरे चरण का मतदान 30 मई को होना है।