हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति कुल्लू ने सौंपी अहम जिम्मेवारी
संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश(कुल्लू)। हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति जिला इकाई कुल्लू की बैठक जिला मुख्यालय कुल्लू में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला सचिव व्रीखमू नेगी ने की। बैठक में विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में विकास खंड आनी से युवा प्रभारी संजय छोटू को जिला समिति में युवा संयोजक चुना गया। इस नियुक्ति के लिए संजय छोटू ने राज्य सचिव सत्यवान पुंडीर, राज्य कोषाध्यक्ष भीमसेन, जिला अध्यक्ष डॉ. आरके शर्मा, जिला सचिव व्रीखमू नेगी, आनी के अध्यक्ष उत्तम कौशल का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रदान की गई इस जिम्मेदारी को वे बखूबी निभाएंगे। उन्होंने अपने साथ विकास खंड आनी से चयनित सभी अन्य सदस्यों को भी अपनी शुभकामनाएं दी हैं।
बैठक में राज्य सचिव सत्यवान पुंडीर ने नशे से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपनी बात रखी। वहीं राज्य उपाध्यक्ष जीया नंद शर्मा के द्वारा शिक्षा नीति के जन विरोधी पहलू पर कार्य करते हुए स्कूलों के माध्यम से उपयुक्त हस्तक्षेप करने के बारे में अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति खंड आनी के अध्यक्ष उत्तम कौशल द्वारा विकास खंड आनी में समिति द्वारा 2017 से 2023 तक किए गए अनेकों कार्यों के बारे में अपने सुझाव दिए। इसमें स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, बेटी है अनमोल, पर्यावरण संरक्षण, कृषि एवं बागवानी, विश्व व्यापी कोरोना महामारी के बचाव, नशा निवारण शामिल है।