निचार में राजस्व मंत्री ने 2.19 करोड़ से बने कन्या छात्रावास का किया लोकार्पण
विज्ञापन
. 39 लाख रुपये से निर्मित कंगोस संपर्क मार्ग का किया उद्घाटन
. मंत्री जगत सिंह ने बीपीएल परिवारों को वितरित किए इंडक्शन हीटर और बाल्टी
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने सोमवार को निचार उपमंडल का दौरा किया। उन्होंने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय निचार में 2.19 करोड़ की लागत से निर्मित कन्या छात्रावास का लोकार्पण किया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि जनजातीय जिला किन्नौर में शिक्षा के क्षेत्र को सुदृढ़ किया जा रहा है। इस कड़ी के तहत निचार, भावानगर, रिकांगपिओ, सांगला और कानम स्कूलों में सीबीएसई पैटर्न के माध्यम से शिक्षा प्रदान की जा रही है ताकि स्थानीय विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा सुविधा सरकारी स्कूलों में उपलब्ध हो। राजस्व मंत्री ने बताया कि सूचना का अधिकार अधिनियम-2005, 73वें पंचायती राज अधिनियम-1993 और वन अधिकार अधिनियम-2006 केंद्र में तत्कालीन कांग्रेस सरकार की देन है, जिससे जनजातीय समुदाय और ग्रामीण लोकतंत्र को संबल मिला है। वर्तमान प्रदेश सरकार किसानों-कामगारों, पशुपालकों, बागवानों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन के कारण प्रदेश आर्थिक बदहाली के दौर से गुजर रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के सख्त निर्णयों के कारण प्रदेश की वित्तीय स्थिति में निरंतर सुधार हुआ है। मंत्री ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला पूजे में 42 लाख रुपये की लागत से निर्मित भवन का लोकार्पण किया। सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले छात्र-छात्राओं को 15,000 रुपये की राशि प्रदान की। इसके बाद मंत्री ने 21 लाख रुपये की लागत से नालचे सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया। साथ ही 39 लाख रुपये से निर्मित कंगोस संपर्क मार्ग का भी उद्घाटन किया। इस दौरान मंत्री जगत सिंह नेगी ने पंचायत घर कार्यालय निचार के सभागार में वन विभाग के जल संग्रहण क्षेत्र उपचार योजना घटक के तहत 90 इंडक्शन हीटर एवं बाल्टी बीपीएल सूची के परिवारों को वितरित किए। इस मौके पर किनफैड अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, निचार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल नेगी, बीर सिंह नेगी, जिला परिषद अध्यक्ष हकीम चंद नेगी, कांग्रेस मीडिया प्रभारी मनोज नेगी, प्रधान मीरा नेगी, उपमंडलाधिकारी निचार नेहा नेगी, बीडीओ डॉ. जितेंद्र चंदेल, डीएसपी राज कुमार, सहायक वन संरक्षण अधिकारी करण कपूर सहित अन्य मौजूद रहे।
निचार दौरे के दौरान कंगोस सडक़ का लोकार्पण करते मंत्री जगत सिंह नेगी। स्रोत : डीपीआरओ