नेरवा ( रोहड़ू )। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर 14 अक्तूबर को चौपाल विधानसभा क्षेत्र के कुपवी उपमंडल के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुपवी में आयोजित राज्यस्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। समारोह में वह प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विजेता टीमों को मेडल व ट्रॉफी देकर सम्मानित करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शिक्षा मंत्री 13 अक्तूबर को शिमला से वाया राजगढ़ कुपवी के लिए रवाना होंगे। राजगढ़ में रात्रि विश्राम करने के बाद वह 14 अक्तूबर की सुबह कुपवी पहुंचेंगे। यहां आयोजित समापन समारोह में भाग लेने के साथ वह खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों को भी संबोधित करेंगे। राज्यस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा मंत्री के दौरे को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों, स्थानीय लोगों और विद्यालय प्रशासन में उत्साह है। इस आयोजन से युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ खेलों के प्रति उनकी रुचि को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।