चौपाल( रोहड़ू)। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंगलवार को संगड़ाह के डुंगी गांव से संबंध रखने वाले गायक दिनेश शर्मा का नया पहाड़ी गीत थुंदल की हारूल जारी किया। यह गीत जिला शिमला के चौपाल विधानसभा क्षेत्र के पुलवाहल के प्राचीन गांव थुंदल की 800 वर्ष पुरानी लोक गाथा पर आधारित है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस तरह की पहल हमारी समृद्ध संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। रोहित ठाकुर ने कहा कि उनके पूर्वज थुंदल गांव से संबंध रखते थे और इस गीत के माध्यम से उन सभी के पलायन की कहानी है। गीत में ऐतिहासिक गाथाओं को जीवंत बनाए रखने के सराहनीय प्रयास किए हैं। इसके माध्यम से पुरातन लोक संस्कृति, इतिहास और लोगों के रहन-सहन और रीति-रिवाजों की झलक मिलती है। रोहित ठाकुर ने मीना राम संघाईक की शब्द रचना को हारूल के रूप में गाने के लिए दिनेश शर्मा और इसे संगीतबद्ध करने के लिए दिनेश डीके सहित कठवार ग्रामवासियों को बधाई दी।