रोहड़ू में वॉलीबाल प्रतियोगिता के शुभारंभ पर खिलाडिय़ों से मिलते शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर। संवा
शिक्षा मंत्री ने मलोग में वॉलीबाल प्रतियोगिता का किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने रविवार को मलोग में स्व. राय सिंह रांटा मेमोरियल द्वितीय पंचायत स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। नवयुवक मंडल मलोग की ओर यह प्रतियोगिता करवाई जा रही है, जिसमें 40 टीमें भाग ले रही हैं। शुभारंभ पर मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। खेल युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का एक प्रभावी माध्यम हैं। युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान की जा सकती है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल के विकास और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ठाकुर रामलाल राजकीय बालिका खेल विद्यालय जुब्बल की शुरुआत की गई है, जिसमें वॉलीबाल समेत सात अन्य खेलों को भी शामिल किया गया है। प्रदेश सरकार की पिछली मंत्रिमंडल बैठक में खेल विद्यालय के लिए 32 पदों को स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में कुल 11 स्पोर्ट्स हॉस्टल हैं, जिनमें जुब्बल का हॉस्टल सबसे बड़ा है। खेलों को बढ़ावा मिलने से प्रदेश और क्षेत्र की बेटियां राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कर रही हैं, जो हम सभी के लिए हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि केवी कोटखाई के निर्माण कार्य के लिए 30 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। सरकार ने इसके अतिरिक्त सरस्वती नगर में बीपीएड द्विवर्षीय पाठ्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है। सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर प्रस्ताव एनसीटीई को भेज दिया गया है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार के साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र में 176 सड़कें पास की गई हैं, जिनमें से पांच सड़कें नंदपुर पंचायत की भी हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र में केवल पांच सड़कें ही पास हुई थीं। इसके बाद मंत्री पुजारली नंबर-4 में नवयुवक मंडल टिक्करी की ओर से आयोजित अमन मेमोरियल वॉलीबाल प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि टिक्कर तहसील में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत लगभग 100 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं। इनमें भवन निर्माण कार्यों पर लगभग 22 करोड़ रुपये, नाबार्ड के अंतर्गत 24 करोड़ रुपये, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 के तहत 49 करोड़ रुपये और वार्षिक अनुरक्षण योजना के अंतर्गत 5 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित है। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य नेहा मेहता, निदेशक हिमफैड भीम सिंह झौटा, एसडीएम धर्मेश रामौत्रा, डीएसपी प्रणव चौहान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक काल्टा, जुब्बल के अध्यक्ष कमलेश झगटा, पंचायत समिति अध्यक्ष रोहड़ू ज्ञानपति, पंचायत समिति सदस्य भूपेंद्र शर्मा, प्रधान नीतीश खिमटा, पवन सिंह राठौर सहित अन्य मौजूद रहे।