. पदम छात्र स्कूल रामपुर में शिक्षा संवाद का आयोजन
अभिभावकों को सीबीएससी पाठ्यक्रम और दाखिले के बारे में दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। पदम राजकीय छात्र उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल रामपुर में मंगलवार को शिक्षा संवाद का आयोजन किया गया। शिक्षा संवाद में पदम छात्र स्कूल रामपुर में सीबीएसई और कन्या स्कूल रामपुर में हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड में दाखिले के बारे में चर्चा की गई। प्रधानाचार्य राजेश परमार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि दोनों स्कूलों में छात्र-छात्राएं एक साथ पढ़ाई करेंगे। पदम राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में 1 अप्रैल से सीबीएसई की प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने अभिभावकों को सीबीएससी के पाठ्यक्रम और दाखिले के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पहली से बारहवीं कक्षा तक सभी विद्यार्थियों को सीबीएससी में पढ़ने का मौका मिलेगा। पहली से पांचवीं तक एक कक्षा में 90 बच्चे ही प्रवेश ले सकेंगे। कक्षाओं के दो सेक्शन होंगे। छठी से दसवीं तक प्रत्येक कक्षा में 135 विद्यार्थी होंगे, जिसमें एक कक्षा के तीन सेक्शन होंगे। एक सेक्शन में 45 विद्यार्थी प्रवेश ले सकते हैं। ग्यारहवीं, बारहवीं कक्षा में कला और विज्ञान संकाय में दो-दो सेक्शन, कॉमर्स संकाय में एक सेक्शन होगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार पदम छात्र स्कूल और कन्या स्कूल रामपुर में दाखिला ले सकते हैं। राजेश परमार ने कहा कि रामपुर में नए सत्र से बच्चों को इस सुविधा का लाभ मिल रहा है। विद्यार्थी राजकीय स्कूलों में ही दोनों बोर्ड की पढ़ाई कर सकेंगे। सरकार के इस फैसले से क्षेत्र के बच्चों को विशेष लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में विद्यालय विकास कार्यों की समीक्षा की गई। भविष्य में विद्यालय के विकास के लिए नई योजनाएं बनाने के बारे में चर्चा की। इस मौके पर स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य सुरेंद्र कुमार, प्यारे लाल, किशोरी लाल, सरोज, मीना देवी, चंद्रप्रभा, रितु देवी, किरण बाला, रेखा, वंदना, वीना, अंजू बाला, मुस्कान, संतोष शर्मा, हुकुम वर्मा, अशोक मेहता, खेम चौहान, प्रदीप कुमार, तिलक शर्मा, जगदेव चंद, सुदर्शन शर्मा, प्रभात चंद, सुधीर रोहटा, कमला ठाकुर, अदिति सूद, चिंता नेगी, ममता गौतम, विमला सानी और अनिता गुप्ता सहित विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे।