हनुमान ने किया लंका दहन, भक्ति और उत्साह से भरा माहौल
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। प्रदेशभर में जहां दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया, वहीं उपमंडल रामपुर के ननखड़ी की देलठ पंचायत में भी ग्रामीणों ने पारंपरिक रस्मों के साथ दशहरा मनाया। ग्रामीणों ने देलठ में इकट्ठे होकर दशहरा मेले का आयोजन किया। मेले में आकर्षण के केंद्र देवता साहिब वनवीर, देवता साहिब पल्थान देलठ, श्रीराम-लक्ष्मण की पालकी की शोभायात्रा रही। देवता वनवीर, देवता पल्थान और श्रीराम-लक्ष्मण की पालकी मंदिर परिसर से लेकर मेला मैदान तक निकाली गई। इसके बाद यहां हनुमान ने लंका दहन किया। देलठ एक पुरानी रियासत हुआ करती थी। इसके चलते यहां दशहरा पर्व का आयोजन कई सालों से हो रहा है। इस धार्मिक आयोजन में दूरदराज के क्षेत्रों से लोग पहुंचते हैं। वीरवार को दोनों देवताओं की शोभायात्रा, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और स्थानीय संस्कृति की झलक ने माहौल को भक्ति और उत्साह से भर दिया। ग्रामीणों ने देवताओं के दर्शन किए और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने मेले में नाचे-गाने और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। ग्रामीणों ने नाटी डालकर मेले में खूब मनोरंजन किया। इस मेले में ननखड़ी, रामपुर और साथ लगते इलाकों से लोग पहुंचे। इस मौके पर कारदार बृज लाल, कमलजीत कपूर, कुंदन भारद्वाज, राकेश कपूर, देविंदर मेहता, बिहारी लाल, रवि कुमार, रणवीर मेहता, देवी सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
देलठ में आयोजित दशहरा मेले में मौजूद देवता और ग्रामीण। संवाद