विकसित होगा मैदान, स्कूल की फेसिंग और कमरों की होगी मरम्मत
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दुर्गापुर के मैदान को विकसित किया जाएगा। साथ ही स्कूल की फेसिंग और कमरों की मरम्मत की जाएगी। इन कार्यों को करने के लिए केंद्रीय वस्तु एवं सेवा विभाग 25 लाख रुपये खर्च करेगा। विभाग के अधिकारियों ने रविवार को स्कूल का दौरा कर यह निर्णय किया। इन अधिकारियों में दिल्ली स्थित विभाग के मुख्य निर्देशक एचआरडी सीबीआईसी अमन शाह, अतिरिक्त निदेशक राजीव यादव, मुख्य आयुक्त सीजीएसटी चंडीगढ़ जाग्रति सैन, शिमला की सीजीएसटी आयुक्त फरहा इकबाल गुप्ता और अन्य अधिकारी शामिल थे। इन अधिकारियों ने स्कूल का निरीक्षण किया और स्कूल में विद्यार्थियों को अधिक सुविधाएं देने के लिए विभाग की ओर से योगदान देने का निर्णय लिया। स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. अश्वनी कुमार के प्रयासों से ये अधिकारी स्कूल के निरीक्षण के लिए आए थे। उन्होंने विभाग का धन्यवाद करते हुए बताया कि हिमाचल में पहली बार इतनी बड़ी राशि किसी सरकारी स्कूल के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए दी जा रही है। विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि इस स्कूल के सुधार के लिए वे आगे भी सहयोग करेंगे। उल्लेखनीय है कि यह विभाग अपनी सीएसआर योजना के तहत यह आर्थिक सहायता देता है। प्रधानाचार्य ने बताया कि शीघ्र ही विस्तृत रिपोर्ट विभाग और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर को भेजी जाएगी।
ऑल इंडिया ओपन सिलंबम प्रतियोगिता में नेशनल सब जूनियर वर्ग और सीनियर वर्ग भाग लेते हुए।