पहले ओले कर चुके नुकसान
लाखों के कारोबार को लग सकता है झटका, बागवानों को बढ़ रही दुश्वारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल के निचले क्षेत्रों में सेब बगीचे सूखे की चपेट में आ रहे हैं। बीते लंबे समय से बारिश न होने के कारण सेब फसल पर संकट के बादल छाने लगे हैं। सूखे के चलते सेब फल अब जमीन पर गिर रहे हैं। ड्रॉपिंग की समस्या बढ़ने से बागवान परेशान हैं।
गौर हो कि रामपुर उपमंडल के सेब बहुल निचले क्षेत्रों में बीते लंबे समय से बारिश नहीं हो रही है। बारिश न होने से जहां सेब का आकार नहीं बढ़ रहा है। तैयार सेब फसल भी पेड़ों से झड़ कर जमीन पर गिर रही है। सूबे के बागवानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शुरूआती दौर में जहां सेब पर ओलावृष्टि ने अपना कहर बरपाया था, वहीं अब सूखे से फल भी झड़ने लग गए हैं। क्षेत्र के बागवानों का कहना है कि बीते कई वर्षों से मौसम की मार झेलनी पड़ रही है। हर वर्ष मौसम अनुकूल न रहना के कारण किसानी-बागवानी पर अब संकट खड़ा हो रहा है। बागवानों को भारी नुकसान हर वर्ष झेलना पड़ता है।
शलाटी घोड़ी के हजारों बागवानों की चिंता बढ़ गई है। प्रगतिशील बागवान ललित मोहन कायथ, प्रेम राज, दिनेश कुमार, टेक चंद, राजेश कुमार, दीप सिंह, मेहर सिंह और हरि चंद ने कहा कि इस वर्ष बीते वर्ष की अपेक्षा अच्छी फसल के उत्पादन का अनुमान था। फसल की सेटिंग भी अच्छी हुई थी, लेकिन मौसम का कहर हर वर्ष झेलना पड़ रहा है।
शुरुआती दौर में जहां ओलों ने सेब फसल को नुकसान पहुंचाया, वहीं अब सूखे के कारण तैयार हो रही फसल भी जमीन पर गिरने लगी है। यदि जल्द बारिश नहीं हुई तो ड्रॉपिंग की समस्या और बढ़ जाएगी, जिससे बागवानों की आर्थिकी को भारी झटका लग सकता है। बीते कई वर्षों से कृषि पर संकट मंडराने लगा है। कहा कि सर्दियों में पर्याप्त बारिश और बर्फबारी न होना, फ्लावरिंग स्टेज में मौसम प्रतिकूल रहना, ओलावृष्टि और अंधड़ से बागवानी का भविष्य खतरे में नजर आ रहा है। बहरहाल क्षेत्र के बागवान अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए बैठे हैं, ताकि सेब का साइज बढ़ सके और अच्छा कलर आए। साथ ही ड्रॉपिंग की समस्या से निजात मिले।