ठियोग में पुरानी पेयजल लाइन की मरम्मत करते कर्मचारी। स्रोत : जागरूक पाठक
कस्बे में तीन दिन से बाधित है पेयजल आपूर्ति, लोगों में रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग(रामपुर बुशहर)। ठियोग कस्बे के लिए बिछाई गई पेयजल लाइन तलाई के पास बार-बार फट रही है। इस कारण ठियोग कस्बे में पेयजल संकट गहरा गया है। तीन दिन से कस्बे के लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल आपूर्ति करने वाली मुख्य पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। यह पाइपलाइन 2001-02 में बिछाई गई थी, जो अब काफी पुरानी हो चुकी है और जगह-जगह से टूटने लगी है। पाइपलाइन में कई स्थानों पर दरारें पड़ गई हैं, जिससे लगातार लीकेज हो रही है। जल शक्ति विभाग की ओर से स्थिति को सामान्य करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन पुरानी पाइप होने के कारण वेल्डिंग ठीक से नहीं हो पा रही है। तकनीकी दिक्कतों के चलते मरम्मत कार्य में अपेक्षा से अधिक समय लग रहा है। विभागीय कर्मचारियों का कहना है कि कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और आपूर्ति बहाल करने की पूरी कोशिश की जा रही है। पाइपलाइन की समस्या सेकंड स्टेज तलाई क्षेत्र के पास हुई है। तलाई से बासा ठियोग स्थित पेयजल भंडारण टैंकों तक एक हजार मीटर लंबी पुरानी पाइप लाइन बिछी हुई है, जो अब पूरी तरह जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी है। हालांकि, तलाई से सैंज पंप हाउस तक नई पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है, लेकिन पुरानी लाइन के कारण बार-बार तकनीकी बाधाएं सामने आ रही हैं। इस पेयजल संकट का सीधा असर वार्ड नंबर एक से लेकर वार्ड नंबर सात तक के लोगों पर पड़ा है।
पाइपलाइन पर वेल्डिंग का काम किया जा रहा है, लेकिन पाइप के जर्जर होने के कारण लीकेज की समस्या बनी हुई है। क्षतिग्रस्त हिस्से पर दूसरा पाइप लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। काम पूरा होने के बाद पानी को लिफ्ट किया जा सकेगा। बुधवार तक पेयजल संकट की समस्या को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
- सुरेश कुमार, कनिष्ठ अभियंता, जल शक्ति विभाग