सांगला (किन्नौर)। किन्नौर जिले के पूह खंड के स्पीलो गांव के डॉ. राजेश मेहता को अमेरिकन एकेडमी ऑफ चाइल्ड एंड एडोलसेंट साइकियाट्री (एएसीएपी) ने प्रतिष्ठित डिस्टिंग्विश्ड फेलो (डीएफएएसीएपी) सम्मान से सम्मानित किया है। 28 अक्तूबर को अमेरिका के अटलांटा में आयोजित अकादमी की वार्षिक बैठक में उन्हें पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान बाल एवं किशोर मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं, शिक्षा, शोध, नेतृत्व और पेशेवर योगदान के लिए दिया जाता है। इसे अकादमी की सर्वोच्च सदस्यता श्रेणी माना जाता है। डॉ. राजेश मेहता आईजीएमसी शिमला के वर्ष 2000 एमबीबीएस बैच के पूर्व छात्र हैं। वर्तमान में डॉ. मेहता अमेरिका के वर्जीनिया स्थित चिल्ड्रन्स हॉस्पिटल ऑफ द किंग्स डॉटर्स में बाल, किशोर एवं सामान्य मनोचिकित्सक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।