सांगला सहित आसपास के क्षेत्रों में घूम रहे 80 से 100 लावारिस कुत्ते
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला(किन्नौर)। किन्नौर जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल सांगला में इन दिनों लावारिस कुत्तों का आतंक काफी बढ़ गया है। यहां 22 दिनों में कुत्तों ने 40 लोगों को घायल कर दिया है। मंगलवार को भी क्षेत्र में कुत्तों ने छह लोगों को लहूलुहान कर दिया। क्षेत्र के लोगों ने सरकार, जिला प्रशासन और पशु पालन विभाग से इस कुत्तों की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांगला में अब तक कुत्तों के काटने के 40 मामले सामने आए हैं। बीते 22 दिन में जहां 40 मामले सामने आए हैं, वहीं बीते एक सप्ताह में 22 लोगों को कुत्तों ने काटा है। यही नहीं मंगलवार को भी छह लोगों को कुत्तों ने काट खाया।
स्थानीय बाजार सांगला, पुलिस थाना के समीप, तहसील कार्यालय के समीप, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कांगड़ा कॉलोनी और कुप्पा के टांगो सारिंग, थापासारिंग, बोनिंग और गंगारंग के आसपास के क्षेत्रों में एक माह से कुत्तों का आतंक बना हुआ है। हालांकि, सांगला ट्राइबल एनिमल केयर संस्था पशु पालन विभाग के साथ इन कुत्तों को पकड़ कर क्वारंटाइन रही है। हैरानी की बात है कि क्वारंटाइन किए जा रहे इन कुत्तों की मौत हो रही है। इनमें अब तक 15 से 20 कुत्तों की मौत हो चुकी है। वहीं, इन क्षेत्रों में 80 से 100 कुत्ते घूम रहे हैं, जो कभी भी राहगीरों और ग्रामीणों पर हमला कर सकते हैं।
व्यापार मंडल सांगला अध्यक्ष भूपेश नेगी, उपाध्यक्ष किशोरी नेगी, सचिव सुंदर नेगी, लोकेश्वर नेगी, पूर्व अध्यक्ष शिव कुमार नेगी, यतेंद्र नेगी, जितेंद्र नेगी, दीपक नेगी, राजेश नेगी ने कहा कि एक माह से क्षेत्र के हजारों ग्रामीण कुत्तों के आतंक से परेशान हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और पशु पालन विभाग से जल्द से जल्द उचित कदम उठाकर लोगों को राहत देने की मांग की है।
कुत्तों के सैंपल जांच को भेजे
क्वारंटाइन में मरने वाले कुत्तों के सैंपल लिए जा रहे हैं, जिन्हें जांच के लिए सोलन के कसौली भेजा गया है। मंगलवार को इस संबंध में उपायुक्त किन्नौर के साथ बैठक आयोजित हुई है। डॉ. अजय नेगी, उप निदेशक, पशु पालन विभाग किन्नौर
जल्द समस्या से निजात दिलाई जाएगी
जल्द ही कुत्तों की समस्या से निजात दिलाने का प्रयास किया जाएगा। क्षेत्र में विशेष शिविर लगाकर लावारिस कुत्तों की समस्या से निजात दिलाने बारे जल्द ही उचित कदम उठाए जाएंगे। डॉ. अमित कुमार शर्मा, उपायुक्त किन्नौर