दोफदा में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के विजेता टीम मुख्यातिथि के साथ
मोनू चुने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, अनिल सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुने
मुख्यातिथि ने विजेता टीम को 1 लाख, 11 हजार नकद राशि से नवाजा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। न्यू राइजिंग स्टार क्लब दोफदा की ओर आयोजित ग्रामीण स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता पर मेजबान दोफदा ने चाटी की टीम को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता के अवसर पर जिला परिषद शिमला अध्यक्षा चंद्रप्रभा नेगी बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहीं। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला मेजबान टीम दोफदा और केएफसी बॉयज चाटी के मध्य खेला गया। चाटी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 66 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए दोफदा ने दो विकेट खोकर यह लक्ष्य हासिल कर खिताब अपने नाम किया। अनिल बेश्टू ने 37 और मोनू बेश्टू ने 24 रन बनाए। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने पर मोनू बेश्टू को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया। इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज अनिल बेश्टू, सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर कुश ठाकुर और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज मोनू बेश्टू को चुना गया। मुख्यातिथि ने विजेता टीम को एक लाख, एक हजार, एक सौ ग्यारह रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया। उपविजेता टीम को 55,555 रुपये की राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया। इससे पूर्व आयोजक कमेटी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। मुख्यातिथि ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और नशे से दूर रहने का आह्वान किया। इस मौके पर क्लब के अध्यक्ष हरिओम, उपाध्यक्ष मंगत राम, सचिव अनिल, कोषाध्यक्ष गिरीश ठाकुर, सह सचिव अतुल औ प्रेस सचिव हितेश सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे।