रोहड़ू। हिमपात से बंद डोडरा क्वार सड़क को छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है। लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने बुधवार देररात भी सड़क को बहाल करने का काम जारी रखा।
हिमपात के कारण चांशल घाटी पर फंसे दर्जनों वाहनों को दोनों ओर से निकालने के बाद लोगों ने भी राहत की सांस ली। अब सड़क को बड़े वाहनों के लिए खोलने का काम तेजी से जारी है। चांशल घाटी पर करीब 30 सेंटीमीटर तक हिमपात होने के बाद डोडरा क्वार सड़क वाहनों के लिए बंद हो गई थी। सड़क पर टैक्सियां, सामान से भरी पिकअप और लोगों के निजी वाहन दोनों ओर फंसे हुए थे।
बुधवार दोपहर बाद मौसम साफ होने पर लोक निर्माण विभाग ने दोनों ओर से मशीनों से बर्फ हटानी शुरू कर दी। मशीनों के साथ देर रात तक कर्मचारी और अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे।
अब सड़क के बहाल होने से क्षेत्र के लोगों ने राहत महसूस की है। क्वार पंचायत के पूर्व प्रधान शंकर चौहान ने बताया कि डोडरा क्वार सड़क पर चांशल घाटी में करीब तीस वाहन फंसे हुए थे। लोक निर्माण विभाग ने बुधवार देररात तक मशीनें लगाकर सड़क को बहाल किया। उन्होंने इसके लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता नरेंद्र सिंह नायक ने कहा कि डोडरा क्वार सड़क पर छोटे वाहन चलने शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि घाटी के आस पास फिसलन के कारण वाहन फंसने की संभावना रहती है। इसलिए लोग इस मार्ग पर रात के समय सफर न करें। उन्होंने कहा कि सड़क को बड़े वाहनों के लिए खोलने का काम जारी है। संवाद