सैंज में घायल बंदर का सफल रेस्क्यू करने के बाद पिंजरा में सुरक्षित रखा। स्रोत : जागरूक पाठक।
उपचार के बाद वन विभाग को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। कुमारसैन के सैंज में पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सक डॉ. रूपेश शांडिल और उनकी टीम ने एक घायल बंदर को रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई। बंदर के पेट में कलच वायर (लोहे का नुकीला तार) फंस गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था और काफी समय से पीड़ा झेल रहा था। जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने एक बंदर को असामान्य स्थिति में घूमते देखा। उसके शरीर से खून बह रहा था और वह ठीक से बैठ या चल नहीं पा रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत पशुपालन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही डॉ. रूपेश अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बंदर को सुरक्षित तरीके से पकड़कर रेस्क्यू किया। जांच में पाया कि बंदर के पेट और कमर के हिस्से में कलच वायर गहराई तक धंसा हुआ था, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया था। प्रारंभिक उपचार के दौरान घाव को साफ किया गया और आवश्यक दवाइयां दीं गईं। बंदर को सुरक्षित रखने के लिए उसे एक विशेष पिंजरे में रखा गया, ताकि वह खुद को और अधिक नुकसान न पहुंचा सके। प्राथमिक उपचार के बाद बंदर को वन विभाग को सौंप दिया गया है। वन विभाग की टीम अब आगे की देखभाल और पूर्ण उपचार की व्यवस्था करेगी। डॉ. रूपेश शांडिल ने बताया कि बंदर की स्थिति अब स्थिर है और उम्मीद है कि शीघ्र ही पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाएगा।