कल्पा में छात्र वर्ग की जिलास्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ(किन्नौर)। आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कल्पा में मंगलवार से छात्र वर्ग की जिलास्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ जनजातीय सलाहकार समिति सदस्य जयकृष्ण नेगी ने किया। खेल आयोजक संगठन और स्कूल प्रशासन ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों ने मुख्यातिथि को मार्च पास्ट कर सलामी दी। जिला स्कूली क्रीड़ा संगठन किन्नौर के अध्यक्ष कुलदीप नेगी, जिला शारीरिक शिक्षा अधिकारी पवन लोक्टस ने बताया कि कल्पा स्कूल में पांच दिनों तक छात्र वर्ग की अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में जिले के कल्पा, निचार और पूह खंड के 42 स्कूलों से आए 547 छात्र भाग ले रहे हैं। ये खिलाड़ी कबड्डी, वॉलीबाल, खो-खो, बैडमिंटन, फुटबाल, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स और सांस्कृतिक कार्यक्रमों जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। प्रतियोगिता के पहले दिन बास्केटबाल प्रतियोगिता में रिब्बा स्कूल ने बारंग स्कूल को 4-3 से शिकस्त दी। कबड्डी प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में कल्पा ने मूरंग स्कूल को रोचक मुकाबले में एक अंक से मात दी। फुटबाल मुकाबले में उरनी स्कूल ने जंगी को 2-1 से हराया, जबकि वॉलीबाल में तांगलिंग स्कूल ने रारंग स्कूल को 3-2 से शिकस्त दी। इस मौके पर कांग्रेस विचार विभाग जिलाध्यक्ष राम मोहन नेगी, ग्राम कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोठी दयाल सिंह नेगी, ग्राम कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शुदारंग मोती लाल नेगी, दुनी अध्यक्ष अनिल नेगी, रोघी अघ्यक्ष विद्याभगत नेगी, कनई अध्यक्ष सत्यवान कामटेस सहित अन्य मौजूद रहे।