संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल(रोहड़ू) । खंड विकास अधिकारी कुपवी अरविंद गुलेरिया ने कुपवी ब्लॉक में पिछड़े और उपेक्षित परिवारों को आगामी वित्त वर्ष में मनरेगा योजनाओं में प्राथमिकता देने के पंचायत प्रधानों और सचिवों को आदेश दिए हैं। उन्होंने कुपवी ब्लॉक की समस्त 15 पंचायतों के प्रधानों व सचिवों को पत्र लिखकर इस योजना को सख्ती से शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने पंचायत सचिवों और प्रधानों को पत्र के जरिये आदेश दिए हैं कि दो अक्तूबर को होने वाली ग्रामसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बनाई जाने वाली मनरेगा शेल्फ में ऐसे परिवारों और व्यक्तियों को डालना सुनिश्चित करें। जिनको पिछले कई वर्षों से मनरेगा के तहत कोई कार्य या रोजगार न मिला हो, ताकि मनरेगा कार्य से वंचित परिवारों को लाभ प्रदान किया जा सके। उन्होंने चेतावनी दी है कि निर्देश की अवहेलना करने पर प्रधान और सचिव के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अक्सर ऐसा देखा गया है कि मनरेगा लाभ से पहले से वंचित परिवारों की अनदेखी की जाती है और ग्रामसभाओं में उन्हें मनरेगा शेल्फ में डालने के केवल आश्वासन ही दिए जाते हैं। बाद में उन्हें मनरेगा शेल्फ में स्थान ही नहीं दिया जाता। उन्होंने यह भी पाया है कि कई लोग बाद में मौखिक अथवा प्रार्थनापत्र के माध्यम से शिकायत करते है कि उन्हें मनरेगा के किसी भी कार्य का पिछले कई सालों से लाभ नहीं मिल रहा है, केवल प्रभावशाली लोगों को ही बार बार लाभ प्रदान किए जा रहे हैं।