रामपुर में फाग मेले को लेकर आयोजित बैठक में चर्चा करते एसडीएम और विभिन्न पदाधिकारी। संवाद
7 मार्च को महिला मंडलों की निकलेगी शोभायात्रा
देवताओं के नजराने में 5 से 15 प्रतिशत तक होगी वृद्धि
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। देव परंपराओं का प्रतीक रामपुर का जिला स्तरीय फाग मेला 5 मार्च से रामपुर के राज दरबार मैदान में सजेगा। जिला शिमला और कुल्लू से 20 देवी-देवता मेले में शिरकत करेंगे। 7 मार्च को महिला मंडलों की शोभायात्रा आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगी। इस बार देवी-देवताओं को दी जाने वाली नजराना राशि में 5 से 15 प्रतिशत तक की वृद्धि की जाएगी। रामपुर में चार दिवसीय जिला स्तरीय फाग मेले को लेकर एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह की अध्यक्षता बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि जिला स्तरीय फाग मेला 5 से 8 मार्च तक राज दरबार मैदान में आयोजित होगा। मेले का शुभारंभ 5 को पूर्वाह्न 11:00 बजे देवी-देवताओं के आगमन के साथ होगा और समापन 8 मार्च को अपराह्न 3:00 बजे किया जाएगा। मेले में आमंत्रित देवी-देवताओं की सूची तैयार कर परंपरा के अनुसार उनके ठहराव स्थलों का चयन किया जाएगा। एसडीएम ने बताया कि फाग मेला रामपुर क्षेत्र की समृद्ध लोक परंपरा, देव संस्कृति एवं सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह मेला ऐतिहासिक राज दरबार परिसर में आयोजित किया जाता है, जहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ देवी-देवताओं का स्वागत किया जाता है। मेले के दौरान स्थानीय लोक नृत्य नाटी, पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाता है। फाग मेला विशेष रूप से फाल्गुन मास में आयोजित होता है और इसे क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में गिना जाता है। उन्होंने बताया कि मेले में आमंत्रित देवताओं के नजराना में 5 से 15 प्रतिशत तक वृद्धि की जाएगी। स्थानीय देवी-देवताओं के नजराना में 5 प्रतिशत और दूरदराज से आने वाले देवी-देवताओं के नजराने में 15 प्रतिशत तक वृद्धि की जाएगी। 7 मार्च को महिला मंडलों की शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भाग लेंगी और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। मेले के दौरान बुशहर स्पोर्ट्स क्लब रामपुर के सौजन्य से रात्रि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि मेले के व्यय की पूर्ति नगर परिषद की ओर से स्टॉल आवंटन से प्राप्त राजस्व और भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग से प्राप्त अनुदान से की जाएगी। स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प एवं व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। स्टॉल आवंटन की अवधि निर्धारित समय से आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। इसके अतिरिक्त यातायात प्रबंधन, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता व्यवस्था, देवी-देवताओं के साथ आने वाले देवलुओं और सुरक्षा कर्मियों के ठहराव संबंधी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। एसडीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और मेले को शांतिपूर्ण, भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर बीडीओ राजेंद्र नेगी, नगर परिषद के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी बाबू राम नेगी, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. गगन शर्मा, बाल विकास परियोजना अधिकारी शशि ठाकुर सहित विभिन्न विभागों से आए पदाधिकारी मौजूद रहे।