पेंशनर्स की लंबित देनदारियां दिवाली से पहले जारी करे सरकारहिम आंचल पेंशनर्स कल्याण संघ की बैठक
हिम आंचल पेंशनर्स कल्याण संघ की बैठक में उठी मांग, भुगतान नहीं होने पर सड़कों पर उतरने की चेतावनी
आनी के समिति हॉल में जिला स्तरीय बैठक का आयोजन
आनी, कुल्लू।
हिम आंचल पेंशनर्स कल्याण संघ जिला कुल्लू की संयुक्त बैठक रविवार को आनी के पंचायत समिति हॉल में जिलाध्यक्ष सुरेंद्र परमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पेंशनरों की समस्याओं, लंबित वित्तीय देनदारियों और सरकार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में सरकार से पेंशनरों की लंबित देनदारियां दिवाली से पहले जारी करने की मांग उठाई। इस दौरान सदस्यों और पदाधिकारियों ने सरकार से पेंशनरों की मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की अपील की। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सरकार के साथ बातचीत शिष्टाचार और शालीनतापूर्ण तरीके से की जानी चाहिए ताकि आपसी संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकाला जा सके। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 से 2022 तक की लंबित देनदारियों का भुगतान अभी तक नहीं होने से पेंशनरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संघ ने सरकार से लीव इनकैशमेंट, वेतन एरियर, ग्रेच्युटी सहित अन्य लंबित वित्तीय देनदारियों का शीघ्र भुगतान करने की मांग उठाई। साथ ही वक्ताओं ने लंबित 15 प्रतिशत महंगाई भत्ते की राशि दिवाली से पहले जारी करने की मांग भी की। बैठक में स्पष्ट किया गया कि यदि सरकार ने पेंशनरों की इन मांगों पर समय रहते उचित कदम नहीं उठाए और लंबित देनदारियों का भुगतान नहीं किया, तो हिम आंचल पेंशनर्स कल्याण संघ आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होगा। संघ ने मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। बैठक में जिला महासचिव फतेह सिंह ठाकुर, बंजार ब्लॉक अध्यक्ष जंगवीर सिंह मियां, आनी ब्लॉक अध्यक्ष नरेश कुमार शर्मा, महासचिव दीनदयाल शर्मा, निरमंड ब्लॉक अध्यक्ष आज्ञा नंद शर्मा, जिला उपाध्यक्ष जीवानंद सहित श्याम चंद, तिलक शर्मा, मेघ सिंह ठाकुर, मदन लाल, तारा चंद कौशल, मोहन लाल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।