चौपाल (रोहड़ू)।
कृषक सलाहकार समिति कुपवी की बैठक अध्यक्ष तुलसी राम जमाल्टा की अध्यक्षता में वीरवार को हुई। अध्यक्ष ने किसान मेले के बारे में जानकारी दी। अध्यक्ष तुलसी राम जमाल्टा ने बताया कि ज्यादातर किसान खेती पर निर्भर हैं, लेकिन कई बार सही जानकारी के अभाव में यह तय नहीं कर पाते हैं कि कौन सी फसल किस समय और किस विधि से उगाई जाए, जिससे उपज अच्छी हो और मुनाफा बढ़े। सही तकनीक और उन्नत खेती के बारे में जानकारी की कमी से कई बार किसानों को नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि उपमंडल कुपवी के अंतर्गत भालू, धोताली, और झोखड पंचायत में 20 से 25 नवंबर तक किसान मेले आयोजित किए जाएंगे। इन मेलों में किसानों को खेती के उन्नत तरीके, नई तकनीक और फसल प्रबंधन के बारे में जागरूक किया जाएगा। किसानों को बताया जाएगा कि कौन सी फसल कब और किस विधि से उगानी चाहिए, जिससे उनकी पैदावार अच्छी हो और वे खेती से ज्यादा लाभ कमा सकें। इन मेलों में प्राकृतिक खेती से तैयार की गई करीब 10 क्विंटल मक्की की सरकार की ओर से 40 रुपये प्रति किलो के हिसाब से खरीद की जाएगी। इस अवसर पर कृषि खंड तकनीकी अधिकारी नितेश कुमार, विकास चौहान और उद्यान विभाग से राजेंद्र प्रकाश उपस्थित रहे।