किन्नौर के आसंरग स्कूल का निरीक्षण करते उपनिदेशक। संवाद
प्राथमिक स्कूलों में अध्यापक नहीं होने पर प्रधानाचार्य करेंगे वैकल्पिक व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ(किन्नौर)। किन्नौर के पूह खंड की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लिप्पा, जंगी और रारंग में उच्च शिक्षा के उपनिदेशक की अध्यक्षता में बैठकें हुईं। इन बैठकों में सभी केंद्रीय मुख्य शिक्षक, प्राइमरी मुख्य शिक्षक, ब्लॉक प्राइमरी शिक्षा अधिकारी और संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ कांप्लेक्स स्कूल प्रणाली को विद्यालयों में लागू करने पर चर्चा की गई। चर्चा के बाद सभी अधिकारियों और अध्यापकों ने इस प्रणाली को विद्यालय और विद्यार्थियों के हित में अत्यंत उपयोगी बताया। जिन प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी पाई जा रही है, उन विद्यालयों के लिए कांप्लेक्स प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया कि आवश्यकता पड़ने पर वे प्रशासनिक नियंत्रक के रूप में प्राथमिक विद्यालयों में अध्यापकों की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करें। इसी क्रम में राजकीय उच्च विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालय असंरंग का औचक निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। गणित विषय के अध्यापक के न होने की स्थिति में कांप्लेक्स विद्यालय से गणित अध्यापक को वर्चुअल माध्यम से कक्षा लेने के लिए निर्देशित किया गया ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो। उप निदेशक कुलदीप सिंह डोगरा आजकल विद्यालयों में औचक निरीक्षण पर हैं ताकि शेष बचे शैक्षणिक सत्र में अब केवल पढ़ाई पर ही ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।