रिकांगपिओ में आयुष विभाग की रोगी कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते उपायुक्त डॉ. अमित कुमार
आयुष चिकित्सालय रिकांगपिओ की आरकेएस की बैठक में लिए विभिन्न निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला मुख्यालय रिकांगपिओ के आयुष चिकित्सालय में रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की बैठक हुई। बैठक में आरकेएस की आय वृद्धि, पंचकर्मा यूनिट के लिए आउटसोर्स पर महिला और पुरुष कर्मचारी का एक-एक पद भरने समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। आयुष विभाग की ओर से आयोजित रोगी कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय में रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए आयुष विभाग कार्य करे। रोगी कल्याण समिति की आय बढ़ाने पर चर्चा की गई। वर्ष 2024-25 से 2025-26 में विस्तृत आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार शर्मा ने चिकित्सालय के पंचकर्मा यूनिट के लिए एक पद महिला और एक पद पुरुष कर्मचारी का भरने की मांग रखी। बैठक में डॉ. प्रवीण ने बताया कि आयुष विभाग समय-समय पर ग्रामीण स्तर पर जागरूकता शिविर लगा रहा है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में आयुर्वेदिक पद्धति का प्रचार-प्रसार हो रहा है। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश नेगी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग कल्पा ललित जरियाल, अधिशासी अभियंता जल शक्ति अभिषेक शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी नितिन राणा, जिला कार्यक्रम अधिकारी जय कुमार गुप्ता और उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा डॉ. अरुण गौतम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।