ननखड़ी में पंचायत प्रतिनिधियों को आपदा सुरक्षा किट वितरित करते हुए। स्रोत: एपीआरओ
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। ननखड़ी की 17 पंचायतों को आपदा से निपटने के लिए उपकरण वितरित किए गए। प्रदेश सरकार ने आपदा प्रबंधन व्यवस्था को जमीनी स्तर पर सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पंचायत आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र योजना शुरू की है। योजना के तहत प्रत्येक पंचायत में आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। स्थानीय आपदा प्रतिक्रिया दलों का गठन किया जा रहा है। स्वयंसेवकों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण शिमला के प्रलेखन समन्वयक गौरव मेहता ने बताया कि शुक्रवार को ननखड़ी की 17 पंचायतों को योजना के तहत सेफ्टी हेलमेट, लाइफ जैकेट, 50 मीटर रस्सी, सर्च लाइट, ताला-चाबी, धातु का ट्रंक, सीटी, फोल्डिंग स्ट्रेचर, तिरपाल, दो लोगों के लिए टेंट, गैंती, कुल्हाड़ी, फावड़ा, हथौड़ा, एल्यूमिनियम सीढ़ी, प्राथमिक उपचार किट और मेगाफोन प्रदान किए गए। उन्होंने बताया कि उपकरणों के वितरण के साथ पंचायत प्रतिनिधियों को इनके उपयोग संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई है। इस अवसर पर ननखड़ी के खंड विकास अधिकारी कार्तिकेय डोगरा विशेष रूप से उपस्थित रहे।