नालागढ़ (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के पूर्व विधायक लखविंदर सिंह राणा सांसद सुरेश कश्यप के नेतृत्व में प्रदेश के राज्यपाल से मिले। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में अधिक बारिश के कारण हुए नुकसान के बारे में राज्यपाल को बताया। साथ ही प्रभावित परिवारों की समस्याओं को भी रखा गया। इस दौरान राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से आपदा प्रभावित क्षेत्र के लोगों को उचित मुआवजा राशि प्रदान करने की भी मांग की गई।
पूर्व विधायक ने राज्यपाल को बताया कि बेहड़ी पंचायत के गांव बेहड़ी, बाहली मंझेड, सलोण, जाबलु, जगलोग, बरोग, ज्योरा, रामशहर पंचायत के गांव रैला, मित्तियां पंचायत के गांव बडल, रतवाडी पंचायत के गांव रतवाडी, डोली पंचायत के गांव डोली, साई चढ़ोग पंचायत के गांव कटली, बुआसनी पंचायत के गांव बुआसनी, पहाड़ी चिकनी, गोयला, बाहा पंचायत के ग्राम घनीरी, नाल, भासरा, पोल दा खाला पंचायत के गांव जागली, थला, कुंडलू पंचायत के गांव पुनैली, बैहली, धरा, घड़याच पंचायत के गांव छतरौन, बनी, खोबला, जुखाड़ी पंचायत के गांव जुखाड़ी, बाहा, चंबा समेत अन्य गांव के लोगों की समस्याओं को राज्यपाल जी के समक्ष रखा। इस सभी पंचायत के गांव के घर रहने के लायक नहीं रहे हैं। इन सभी लोगों की जमीनें भी खत्म हो चुकी हैं। इसलिए लोगों को घर बनाने के लिए जमीन दी जाए और फसल लगाने के लिए किसानों को कहीं सुरक्षित जगह दी जाए।
उधर, दून के पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी भी पूर्व सीएम जयराम ठाकुर के नेतृत्व में राज्यपाल से मिले। पूर्व विधायक ने बताया कि दून की बुआसनी के सील सुनाड़ी, खाली, सौड़ी पंचायत के माजरी, पट्टा नाली, नालका, दाड़वा, समेत दर्जनों पंचायतों के 112 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जबकि 45 घरो में दरारें आ गई हैं। बीबीएन में बालद खड्ड को छोड़कर सभी पुल पानी की भेंट चढ़ गए। उन्होंने पीड़ित लोगों को उचित मुआवजा देने की मांग की। वहीं राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने जनता की इन गंभीर समस्याओं को देखते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।