रामपुर बुशहर। युवक मंडल कुशवा की ओर से आयोजित अनिल भाटनू मेमोरियल वालीबॉल प्रतियोगिता में किन्नू स्कूल की छात्राओं ने खिताब पर कब्जा जमाया है। प्रतियोगिता में क्षेत्रभर की विभिन्न टीमों ने दमखम दिखाया।
छात्रा वर्ग की वॉलीबाल प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला किन्नू और पीजी कॉलेज रामपुर के बीच खेला गया। इसमें किन्नू स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन के दम पर जीत दर्ज की। पीजी कॉलेज रामपुर की टीम उपविजेता रही। छात्र वर्ग में मंडी की टीम ने किमला को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मंदिर कमेटी के अध्यक्ष हंसराज ठाकुर बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। वहीं सेवानिवृत्त शिक्षक किशोरी लाल विशेष अतिथि रहे।
मुख्यातिथि ने संबोधन में कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलों का जीवन में बहुत महत्व है। इस तरह के आयोजनों से प्रतिभागियों को प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। मुख्यातिथि ने छात्र वर्ग की विजेता टीम मंडी को 30,000 रुपये, ट्रॉफी और उपविजेता टीम को 15,000 रुपये और ट्रॉफी से नवाजा। छात्रा वर्ग की विजेता टीम किन्नू को 6,000 रुपये और ट्रॉफी जबकि उपविजेता टीम को 3,000 रुपये का नकद इनाम दिया गया। किन्नू स्कूल के डीपी दुर्गा प्रसाद ने छात्राओं को जीत की बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्र की बेटियां किसी से कम नहीं है। इस मौके पर युवक मंडल के अध्यक्ष अरविंद ठाकुर, उपाध्यक्ष कमल कांत शर्मा, सचिव विवेक भाटनू, कोषाध्यक्ष यशपाल बिष्ट, सहसचिव मनोज मेहता और सलाहकार चंद्र कुमार सहित कई अन्य मौजूद रहे।