दलाश बस अड्डे में निकासी नाली बंद होने से सडक़ पर बह रही गंदगी। संवाद
बीमारियों का बढ़ा अंदेशा, स्कूली बच्चे और राहगीर परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)।
दलाश बस अड्डे के पास नाली बंद होने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इस कारण स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बीमारियां फैलने का अंदेशा भी बना हुआ है। दलाश बाईपास सड़क पर बस अड्डे से आगे करीब 200 मीटर तक नाली लंबे समय से बंद पड़ी है। इससे सड़क पर बह रहे गंदे पानी के कारण स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। जब बच्चे स्कूल आते-जाते हैं, तो सड़क से गुजरने वाले वाहनों से वर्दी खराब जाती है। साथ ही बदबू फैली रहती है। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग सड़क की बंद पड़ी नाली को नहीं खोल रहा है। दलाश पंचायत के पूर्व उपप्रधान सोनी राम राठी ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि बाईपास में सड़क पर खुले में बह रहे गंदे पानी की निकासी के लिए बंद नाली को खोला जाए। उधर, लोक निर्माण विभाग दलाश के कनिष्ठ अभियंता लाल सिंह का कहना है कि जल्द बंद पड़ी नाली को खोल दिया जाएगा। सड़क पर जलनिकासी की उचित व्यवस्था की जाएगी।