रिकांगपिओ (किन्नौर)। उपायुक्त अमित कुमार शर्मा ने जिला किन्नौर को जल्द सुरक्षित प्लस बनाने के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश मोबिलाइजेशन फॉर एड्स सुरक्षा और जिला एड्स रोकथाम एवं नियंत्रण समिति की बैठक में दिए गए। बैठक में लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। यह बैठक उपायुक्त कार्यालय रिकांगपिओ में हुई। इसमें जिला किन्नौर में लक्ष्यों की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की गई। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन की ओर से जारी एचआईवी के साथ जीवन यापन करने वाले व्यक्तियों के संशोधित अनुमानों पर भी बात की गई। इन अनुमानों के आधार पर जिला स्तर की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी गर्भवती महिलाओं की एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी और सिफिलिस की शत-प्रतिशत जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने आंकड़ों की रिपोर्टिंग में किसी भी त्रुटि को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। जिला एड्स कार्यक्रम अधिकारी ने आश्वासन दिया कि क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ स्थित नशा मुक्ति केंद्र के सभी पात्र लाभार्थियों की जांच होगी। इसमें एचआईवी, हेपेटाइटिस और सिफिलिस की जांच शामिल है। बैठक में एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों की समयबद्ध फॉलोअप पर बल दिया गया। उनकी वायरल लोड जांच और उपचार के नियमित पालन को सुनिश्चित करने को कहा गया। दीर्घकालिक वायरल लोड दमन सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त अमित कुमार शर्मा ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिला निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के बेहद करीब है और सभी विभागों के संयुक्त प्रयासों से यह लक्ष्य शीघ्र हासिल किया जा सकता है।