दुर्गम क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों को मिलेगी घर द्वार पर बेहतर शिक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। दुर्गम पंचायत सरपारा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में टीजीटी नॉन मेडिकल विषय के शिक्षक की तैनाती हुई। पिछले छह वर्षों से स्कूल में टीजीटी नॉन मेडिकल का पद रिक्त पड़ा था। स्कूल में अब मेडिकल, हिंदी प्रवक्ता, राजनीति शास्त्र और टीजीटी आर्ट्स का पद खाली है। वहीं, लिपिक और अधीक्षक का पद आज तक भरा ही नहीं गया है। वर्तमान में स्कूल में 50 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। शिक्षक न होने से विद्यार्थी पढ़ने के लिए दूसरे स्कूलों में जा रहे हैं। शिक्षकों के अभाव में छात्रों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों को घरद्वार बेहतर शिक्षा ग्रहण करने की सुविधा नहीं मिल पा रही है। शिक्षकों की कमी के कारण अभिभावकों को बच्चों के भविष्य की चिंता सता रही है। शिक्षकों के पद रिक्त न होने के कारण अन्य शिक्षकों को दिक्कत पेश आ रही है। टीजीटी नॉन मेडिकल शिक्षक आने से स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों की समस्या का समाधान हुआ है। सरपारा स्कूल के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार ने कहा कि स्कूल में छह वर्ष बाद नॉन मेडिकल के शिक्षक की तैनाती हुई है, जिससे बच्चों को लाभ मिलेगा। उम्मीद है कि अन्य विषयों के रिक्त पदों को भी जल्द भरा जाएगा।